Author: SANTOSH DUTTA JHA

  • दुर्गा पूजा के अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा मंदिरों का किया भ्रमण

    माता के मंदिर में की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन सतर्क

    पूजा के पावन अवसर पर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी द्वारा जिले के विभिन्न पूजा मंदिरों का भ्रमण किया गया। इस दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने माता के मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा जिले में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की उपस्थिति एवं पूजा-अर्चना से संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया।

    दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सक्रियता बनी हुई है।जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता पर बल दिया।

    दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।इस अवसर पर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

  • महानवमी के पावन अवसर पर डीएम ने वृहद आश्रय गृह का किया भ्रमण, बालिकाओं के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

    पूजा के नौवें दिन (महानवमी) के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा स्थानीय वृहद आश्रय गृह स्थित बालिका गृह का विशेष भ्रमण किया गया।जिलाधिकारी के आगमन पर बालिका गृह की बच्चियों ने अत्यंत उत्साह के साथ चंदन लगाकर एवं पुष्प भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

    कन्या पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए जिलाधिकारी ने सभी आवासित बालिकाओं के चरण स्पर्श कर उन्हें प्रणाम किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सभी बच्चियों के बीच उपहार एवं चॉकलेट का भी वितरण किया गया।जिलाधिकारी ने बालिकाओं के साथ बैठकर आत्मीय संवाद किया और उनके पठन-पाठन व दिनचर्या की जानकारी ली। त्योहार की खुशियों को साझा करते हुए जिलाधिकारी की ओर से आज बालिका गृह में विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने स्वयं भी बच्चियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा बालिका गृह की व्यवस्थाओं का भी विस्तृत जायजा लिया गया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, आवास एवं भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आवासित बालिकाओं को एक बेहतर और सुरक्षित वातावरण निरंतर मिलता रहे।जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर और उनके इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से सभी बालिकाएं अत्यंत प्रसन्न एवं उत्साहित दिखीं।इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, डीसीएम (DCM) रवि रंजन, अधीक्षिका कंचन झा एवं बालिका गृह के अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।